Font by Mehr Nastaliq Web

बुद्धिजीवी पर उद्धरण

quote

योग्य आदमियों की कमी है। इसलिए योग्य आदमी को किसी चीज़ की कमी नहीं रहती। वह एक ओर छूटता है तो दूसरी ओर से पकड़ा जाता है।

श्रीलाल शुक्ल
quote

जो लोग तमस से भरे हुए हैं, अज्ञानी और सुस्त हैं, जिनका मन कभी किसी विचार पर स्थिर नहीं होता, जो केवल मनोरंजन की लालसा रखते हैं—उनके लिए धर्म और दर्शन मात्र मनोरंजन की वस्तुएँ हैं। ये लोग दृढ़ निश्चयी नहीं होते। वे कोई बात सुनते हैं, उसे बहुत अच्छा समझते हैं, फिर घर जाकर सब कुछ भूल जाते हैं। सफल होने के लिए आपको अदम्य दृढ़ता और दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता है।

स्वामी विवेकानन्द
quote

शत्रु में दोष देखकर बुद्धिमान झट वहीं क्रोध को व्यक्त नहीं करते हैं, अपितु समय को देखकर उस ज्वाला को मन में ही समाए रखते हैं।

तिरुवल्लुवर
quote

दो चार शब्द इधर-उधर से लेकर, कोई व्यक्ति किसी विद्वान से—जिसने संपूर्ण जीवन सरस्वती आराधना में बिताया हो—अगर प्रतिस्पर्धा करने चले, तो यह ऐसी ही अज्ञता होगी जैसे कि साँप, गज एवं सिंह के ललाट पर पैर रखने की मूर्खता, क्रमशः पक्षी, शश तथा सियार करें।

पण्डितराज जगन्नाथ
quote

अज्ञान की निवृत्ति में ज्ञान ही समर्थ है, कर्म नहीं, क्योंकि उसका अज्ञान से विरोध नहीं है और अज्ञान की निवृत्ति हुए बिना राग-द्वेष का भी अभाव नहीं हो सकता।

आदि शंकराचार्य
quote

जाति और कुल में सभी एक समान हो सकते हैं परंतु उद्योग, बुद्धि और रूप संपत्ति में सबका एक-सा होना संभव नहीं है।

वेदव्यास
quote

मेरे विचार से जिस आदमी में थोड़ा-सा भी विवेक होता है, वह हमेशा अपनी परिस्थितियों को तर्कसंगत ढंग से समझना चाहता है।

भगत सिंह
quote

मैंने कितनी ही बार सोचा है कि क्या व्यक्तियों से संबंध बनाना संभव है, जब किसी के मन में किसी के लिए भी कोई भावना रही हो; अपने माता पिता के लिए भी नहीं। अगर किसी को कभी भी गहराई से प्यार नहीं किया गया, तो क्या उसके लिए सामूहिकता में रहना संभव है? क्या इन सबका मेरे जैसे युद्धप्रिय के ऊपर कोई प्रभाव नहीं रहा? क्या इस सबसे मैं और बंध्य नहीं हुआ? क्या इन सबसे एक क्रांतिकारी के रूप में मेरी गुणवत्ता कम नहीं हुई? मैं जिसने हर चीज़ को बौद्धिकता और शुद्ध गणित के पैमाने पर रख दिया।

अंतोनियो ग्राम्शी
quote

जो विद्वान् होता है वह सत्य-असत्य की परीक्षा करके, सत्य का ग्रहण और असत्य को छोड़ देता है।

दयानंद सरस्वती
quote

सभी मनुष्य बुद्धिजीवी हैं, लेकिन सभी मनुष्य समाज में बुद्धिजीवियों का कर्म नहीं करते।

अंतोनियो ग्राम्शी
quote

शब्दावलंबी शासन-पक्ष-दर्शी शुष्क धार्मिक के लिए धर्म राजा है, जिसके सामने वह प्रजा की तरह बड़े अदब क़ायदे के साथ; नियम और विधि के पूरे पालन के साथ डरता-डरता जाता है। बुद्धि-पक्ष-दर्शी के लिए धर्म गुरु या आचार्य हैं; जिसके सामने वह विनीत शिष्य के रूप में शंकासमाधान करता पाया जाता है, पर भक्त धार्मिक के लिए धर्म प्यार से पुकारनेवाला पिता है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

विद्वानों की विश्वकल्याणकारी मनोवृत्ति अनुपम ही होती है। उनकी उक्त्तियों की रचना कुछ विलक्षण ही होती है। उनका कार्य अलौकिक ही होता है। उनका दर्शनमात्र ही दुःखियों के लिए प्रीतिकर होता है। इस प्रकार उनका सभी क्रियाकलाप वचनों से परे अर्थात् वर्णनातीत होता है।

पण्डितराज जगन्नाथ
quote

सबके विचारों को परखने के लिए बुद्धि की तटस्थता, वाणी की निर्विकारता और अपने बारे में निरहंकारिता ज़रूरी है।

विनोबा भावे
quote

प्रत्येक मनुष्य की बौद्धिक प्रतिक्रियाएँ, भावनाएँ, मनोभाव एवं आदतें केवल गत कर्मों के विपाक हैं—चाहे वे कर्म इस जन्म के हों या पिछले किसी जन्म के।

परमहंस योगानंद
quote

वस्तुतः हर युग का बुद्धिजीवी; अपने युग के सत्य को युग-युग के सनातन और शाश्वत सत्य के रूप में प्रतिष्ठित करना चाहता है, और इसी सामान्यीकरण में उसकी बौद्धिकता निहित है।

नामवर सिंह
  • संबंधित विषय : युग
    और 1 अन्य
quote

ब्रह्मज्ञानी अपने सद्विचारों के कारण असाधारण कार्य करते हैं। वह सभी समय में भोगों की, धन की इच्छा निःस्पृह भाव से त्याग देते हैं।

भर्तृहरि
quote

बौद्धिक स्तर एक व्यापक फ़र्क़ उपस्थित करता है। जहाँ के लोगों के विषय में आपको पता होता है कि वहाँ पर आप कुछ अनुमान लगा सकते हैं, लेकिन जहाँ पर लोगों के सांस्कृतिक और शैक्षणिक विषय के बारे में पता नहीं होता है, वहाँ आप कल्पना भी नहीं कर सकते हैं।

एरिक हॉब्सबॉम
quote

यह असार संसार; जिसकी अंत अवस्था अतिचंचल है, उसमें पंडितों के लिए दो ही सुलभ गति हैं कि या तो तत्त्वज्ञानरूपी अमृत रस में स्नान करने वाली निर्मल बुद्धि से उनका काल अच्छा व्यतीत होता रहे, अथवा सुंदरकामिनी जो कि पुष्ट स्तन और जघन से भोग में सुखदायी हैं; उनके शरीर पर हाथ दिए, चंचलता से उद्योग में तत्पर रहते हुए उनका काल भली-भाँति व्यतीत होता रहे।

भर्तृहरि
quote

विद्वानों के मुख से वचन एकाएक नहीं निकलते हैं, यदि निकल गए तो वे इस तरह पीछे नहीं हटते, जैसे हाथियों के दाँत।

पण्डितराज जगन्नाथ
quote

जहाँ ज्ञाता और ज्ञान होता है, वहीं प्रत्यक्ष होता है अर्थात् आत्मा में सब का प्रत्यक्ष होता है।

दयानंद सरस्वती
quote

वहाँ एक नीम का लंबा-चौड़ा पेड़ था जो बहुत-से बुद्धिजीवियों की तरह दूर-दूर तक अपने हाथ-पाँव फैलाए रहने पर भी तने में खोखला था।

श्रीलाल शुक्ल
quote

शास्त्रोक्त शब्दों से जिनकी वाणी सुंदर है; और शिष्यों के पढ़ाने योग्य जिनकी विद्या है और वे स्वयं भी प्रसिद्ध हैं, ऐसे कवि-विद्वान् जिस राजा के देश में निर्धन रहते हैं, तो यह उस राजा की मुर्खता ही है।

भर्तृहरि
quote

कुल, धन, ज्ञान, रूप, पराक्रम, दान और तप- ये सात मुख्य रूप से मनुष्यों के अभिमान के हेतु हैं।

क्षेमेंद्र
quote

श्युआन च्वाङ नामक चीनी यात्री सम्राट; हर्ष के समय सातवीं शताब्दी में भारत में आया था। वह चीन से मध्य-एशिया और गंधार देश के रास्ते से यहाँ आया। सिंधु नदी के समीप शलातुर गाँव में जाकर उसने जो कुछ वहाँ सुना और देखा, उसका वर्णन अपने यात्रा-ग्रंथ में लिखा है—"यह स्थान ऋषि पाणिनि का जन्मस्थान है। जहाँ वे उत्पन्न हुए थे, वहाँ उनकी मूर्ति बनी है। यहाँ के लोग पाणिनि के शास्त्र का अब भी अध्ययन करते हैं। इसी कारण यहाँ के मनुष्य अन्य स्थानों की अपेक्षा अधिक प्रतिभाशाली और विद्वान् है।"

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

मस्तिष्क देख सके इसके पहले हृदय सदैव देख लेता है।

थॉमस कार्लाइल
quote

संसार में जो क्षेत्र बुद्धि का है, वहाँ मानव-मानव का सत्य-मिलन बुद्धि के योग से ही संभव है।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

आधुनिक व्यक्तित्व का प्रमुख गुण है—विवेकशील और तर्कसंगत दृष्टिकोण—जो जीवन और उसके बदलते परिवेश को कार्य-कारण संबंधो के आधार पर देख सके।

श्यामाचरण दुबे
quote

विद्वान पुरुष सर्वत्र आनंद में रहता है और सर्वत्र उसकी शोभा होती है। उसे कोई डराता नहीं है और किसी से डराने पर भी वह डरता नहीं है।

वेदव्यास
quote

हे अर्जुन! मन को मथने वाली इंद्रियाँ प्रयत्न करने वाले ज्ञानी पुरुष के मन को भी बलात्कारपूर्वक हर लेती हैं।

वेदव्यास
quote

विवेक-विवर्जित अतिरेक का परिणाम हमेशा अशुभ होता है।

कृष्ण बिहारी मिश्र
quote

एक रूपदक्ष को एक छवि अथवा एक कविता लिखने के समय अक्लांत भाव से अनेक शक्तियों के प्रयोग करना पड़ता है।

अवनींद्रनाथ ठाकुर
quote

हमारी सारी बौद्धिक गतिविधियाँ, शब्दकोष से सीखी गई कृत्रिम अँग्रेज़ी के सहारे चलती हैं।

यू. आर. अनंतमूर्ति
  • संबंधित विषय : नक़ल
quote

विशेषज्ञ और पुरोधा में अंतर होता है। विशेषज्ञ अपने शोध की दमक, से एक संकरी-सी जगह को प्रकाशित करता है; विशेषज्ञता दृष्टि से ज़्यादा ज्ञान देती है, जो कई बार दृष्टि के दरिद्र लोगों के हाथ में पड़कर दुरुपयोग का शिकार हो जाती है। पुरोधा की कल्पना करने के लिए हमें ज्ञान और दृष्टि के साथ आगे चलने वाले की प्रेरक भूमिका को समझना होगा।

कृष्ण कुमार
quote

बुद्धि प्रारब्ध को अपना ग्रास नहीं बना सकती। प्रारब्ध ही बुद्धि को अपना ग्रास बना लेता है। प्रारब्ध से प्राप्त होने वाले अर्थों को बुद्धिमान पुरुष भी नहीं जान पाता।

वेदव्यास
quote

प्रत्येक बुद्धिजीवी, गुटबंद होने के बावजूद, गुटबंदी का खुला इलज़ाम लगते ही तिलमिला उठता है।

श्रीलाल शुक्ल
quote

भविष्य निश्चय रूप से वैदिक दर्शन के हाथ है, क्योंकि उसका संदेश कविता के द्वारा कहा गया है।

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

जैसे बुद्धिमत्ता एक वैल्यू है, वैसे ही बेवकूफ़ी भी अपने-आपमें एक वैल्यू है। बेवकूफ़ की बात चाहे तुम काट दो, चाहे मान लो, उससे उसका कुछ बनता है, बिगड़ता है। वह बेवकूफ़ है बेवकूफ़ रहता है।

श्रीलाल शुक्ल
quote

कर्मकाण्ड साधन है, साध्य नहीं है,...किन्तु साध्य से कम महत्त्वपूर्ण साधन नहीं होता, यह सूझ भारतीय मेधा की स्वकीय विशिष्टता है।

कृष्ण बिहारी मिश्र
quote

जिनको परमार्थ अर्थात् मोक्षपर्यंत का साधन प्राप्त है; ऐसे पंडितों का अपमान मत करो, क्योंकि तुम्हारी तृण के समान तुच्छ लक्ष्मी उनको रोक सकेगी। जैसे नवीन मद की धारा से शोभित श्याम मस्तक वाले हाथी को, कमल के डंठल का सूत नहीं रोक सकता।

भर्तृहरि
quote

हम अपने विवेक से ज्योति को तम से अलग पहचान लेते हैं, यही ज्योति या देवों की विजय है।

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

बुद्धि के तीक्ष्णता के स्पर्श के बिना; भाव मवाद बनता है, भाव के संपर्क के बिना बुद्धि राक्षस बन जाती है।

यू. आर. अनंतमूर्ति
quote

अक़्लिय्यत के लिए सम्मान रखना अक्सरियत का भूषण है।

महात्मा गांधी
quote

समझदारी वह हुनर है, जिससे किसी को शत्रु बनाए बग़ैर अपनी बात रखी जा सकती है।

आइज़क न्यूटन
quote

हम मनोवैज्ञानिक और बौद्धिक रूप से यांत्रिक हो चुके हैं।

जे. कृष्णमूर्ति
quote

कूपमण्डूकता को भारत के विवेक ने कभी प्रोत्साहन नहीं दिया।

कृष्ण बिहारी मिश्र
quote

बुद्धि से थके हुए मानव की भावी भाषा कविता ही होगी।

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

राम ने लौकायतिकों के लिए दुर्बुध—इस विशेषण का प्रयोग किया है। आज की भाषा में इसे छद्म बुद्धिजीवी कह सकते हैं।

राधावल्लभ त्रिपाठी
  • संबंधित विषय : नक़ल
quote

इस लोक में बुद्धिमानों की बुद्धि से अगम्य कुछ भी नहीं है। देखो शस्त्रास्रधारी नंदवंशी राजाओं को चाणक्य ने बुद्धि द्वारा ही नष्ट कर दिया था।

विष्णु शर्मा
quote

बुद्धि द्वारा पूर्ण रूप से निश्चित की हुई व्यापार-परंपरा का नाम ही प्रयत्न है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

बुद्धिमान मनुष्य; सृष्टि के बदले स्त्रष्टा में अपनी निष्ठा रखकर अपने ग्रहों को, अर्थात् अपने अतीत को मात दे सकता है।

परमहंस योगानंद

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए