Font by Mehr Nastaliq Web

युद्ध पर उद्धरण

युद्ध संघर्ष की चरम

स्थिति है जो एक शांतिहीन अवस्था का संकेत देती है। युद्ध और शांति का लोक, राज और समाज पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ता है। प्रस्तुत चयन में युद्ध और शांति और विभिन्न प्रसंगों में उनके रूपकों के साथ अभिव्यक्त कविताओं का संकलन किया गया है।

quote

वह एक युद्ध है जो स्त्री और पुरुष के बीच हमेशा चलता रहता है, जिसे बहुत लोग प्रेम कहकर पुकारते हैं।

एडवर्ड मुंक
quote

संसार में जितनी बड़ी-बड़ी जीतें हुई हैं, बड़े-बड़े आक्रमण हुए हैं, सबको महान बनाया है माताओं, बहिनों और पत्नियों के त्याग ने। किस युद्ध में कितने पुरुषों ने रक्त दिया—यह इतिहास में लिखा हुआ है, लेकिन उसके समीप में यह नहीं लिखा है कि कितनी स्त्रियों ने अपना सुहाग दान किया, कितनी माताओं ने कलेजा निकाल कर दिया, कितनी बहिनों ने सेवाएँ अर्पित की।

क़ाज़ी नज़रुल इस्लाम
quote

हमारे आधुनिक राष्ट्र भविष्य के दुश्मन को जाने बिना ही युद्ध की तैयारी कर रहे हैं।

अल्फ़्रेड एडलर
quote

जब मनुष्य अपने अंदर युद्ध करने लगता है तब वह अवश्य ही किसी योग्य होता है।

रॉबर्ट ब्राउनिंग
quote

युद्ध के बीच कही गई गीता भी, युद्ध में उपस्थित धर्मसंकट का ही समाधान बताती है। यह भी कहा जा सकता है कि वहाँ भी युद्ध का ‘समर्थन’ है। पर सच पूछें तो गीता धर्म-संकट का उतर, कर्म की धारणा को कर्म के साधारण व्यवहार-निष्ठ धरातल से हटा कर ही देती है—उससे ऊपर आरोहण कर जाती है।

मुकुंद लाठ
quote

आदमी ध्यान आकर्षित करने के लिए युद्ध करते हैं। सभी हत्याएँ आत्म-घृणा की अभिव्यक्ति हैं।

एलिस वॉकर
quote

आप ऐसे दो परिवारों में मेल करा सकते हैं जिन्होंने एक-दूसरे को लगभग ख़त्म ही कर डाला है, जैसाकि गृहयुद्ध के दौरान ब्रिटेनी और ला वेंदी में हुआ; लेकिन लांछन लगाने वाले और लांछित के बीच मेल कराना उतना ही कठिन है, जितना बलात्कारी और बलत्कृत के बीच मेल होना।

ओनोरे द बाल्ज़ाक
quote

युद्ध हमारे भाइयों के ख़िलाफ़ संगठित हत्या और यातना है।

अल्फ़्रेड एडलर
quote

विपत्तिकाल में, पीड़ा के अवसरों पर, युद्धों में, स्वयंवर में, यज्ञ में अथवा विवाह के अवसर पर स्त्रियों का दिखाई देना उनके लिए दोष की बात नहीं है।

वाल्मीकि
quote

जब भाषा विफल हो जाती है, तब युद्ध होता है।

मार्गरेट एटवुड
quote

युद्ध से पहले सेब का पेड़ चर्च के पीछे स्थित था। वह सेब का एक ऐसा पेड़ था जिसने अपने सेबों को खा लिया था।

हेर्टा म्युलर
  • संबंधित विषय : पेड़
quote

दो राष्ट्रों के बीच युद्ध छिड़ने पर अहिंसा में विश्वास रखने वाले व्यक्ति का धर्म है कि वह उस युद्ध को रोकें।

महात्मा गांधी
quote

युद्ध में मनुष्य क्रूर बनता है, उतावला होता है, बावरा होता है, अचानक पिछली बातें याद करता है और भूल भी जाता है।

दुर्गा भागवत
quote

प्रेम का आरंभ और अंत उस तरह नहीं होता है, जैसा कि हम सोचते हैं। प्रेम एक लड़ाई है, युद्ध है; प्रेम परिपक्व होना है।

जेम्स बाल्डविन
quote

ऐसा कोई युद्ध नहीं है जो सभी युद्धों को समाप्त कर दे।

हारुकी मुराकामी
quote

मैं लड़ाई का पक्षपाती हूँ और टालस्टॉय और महात्मा गाँधी—पूर्ण अहिंसा को जिस अर्थ में धार्मिक सिद्धांत मानते हैं—उस अर्थ में मैं इस पर विश्वास नहीं करता। परंतु मैं सशस्त्र क्रांति करने पर; किसी को शारीरिक हानि पहुँचाने की हिंसा को भी, अपनी वर्त्तमान अवस्था में ठीक नहीं समझता।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

अश्वत्थामा को पराजय ने भड़काया, अहंकार ने नहीं।

दुर्गा भागवत
quote

युद्ध में मनुष्य का काले से काला और सुंदर से सुंदर स्वरूप प्रकट होता है।

दुर्गा भागवत
quote

मानवीय संवेदनाएँ जिस हद तक मानवीय होती हैं, युद्ध-विरोधी भी होती हैं।

केदारनाथ सिंह
quote

ध्यान एक युद्ध है।

रमण महर्षि
quote

परस्पर प्रेम से श्रेष्ठ होता है, युद्ध का मूल्य।

दुर्गा भागवत
quote

युद्ध का नायक कहाँ होता है? युद्ध होते तो खलनायकों के कारण ही हैं न!

दुर्गा भागवत
quote

हाथी बाँधा जा सकता है, सिंह रोका जा सकता है, युद्ध में शत्रु सेना जीती जा सकती है किंतु परपुरुष में आसक्त दुश्चरित्रा स्त्री का मन नहीं रोका जा सकता।

पुष्पदंत
quote

अकेला दूसरे के घर में प्रवेश करे, द्वितीय आदमी से मंत्रणा करे, बहुत आदमी लेकर युद्ध करे, यही शास्त्र का निर्णय है।

भास
quote

मनुष्य समाज का कल्याण युद्ध से नहीं, शांति से है। मनुष्य की विजय रूप से है, ज्ञान से, शौर्य से—वह उसके सत्य से है।

रांगेय राघव
quote

मंगल पांडे ने सत्तावन के इस क्रांतियुद्ध के लिए अपना उष्ण रक्त प्रदान किया था। किंतु इसके साथ ही साथ उसने अपना नाम भी अमिट रहने वाले अक्षरों में कर दिया। स्वधर्म और स्वराज्य हेतु लड़े गए 1857 के स्वातंत्र्य-समर में भाग लेने वाले सभी क्रांतिकारियों को भी इस क्रांति के शत्रुओं ने 'पांडे' नाम से संबोधित किया। प्रत्येक माता का यह पावन दायित्व है कि अपने बालक को इस पवित्र नाम का स्वाभिमान सहित उच्चारण करना सिखला दे।

विनायक दामोदर सावरकर
quote

यदि युद्ध को छोड़ने पर मृत्यु का भय हो तब तो अन्यत्र भाग जाना उचित है। किंतु प्राणी की मृत्यु अवश्य ही होती है। तो फिर यश को व्यर्थ क्यों कलंकित कर रहे हो?

भट्टनारायण
quote

हे अर्जुन! नपुंसकता को मत प्राप्त हो। यह तेरे योग्य नहीं है। हे परंतप! हृदय की तुच्छ दुर्बलता को त्याग कर युद्ध के लिए खड़ा हो।

वेदव्यास
quote

लड़ते हुए मर जाना जीत है, धर्म है। लड़ने से भागना पराधीनता है, दीनता है। शुद्ध क्षत्रियत्व के बिना शुद्ध स्वाधीनता असंभव है।

महात्मा गांधी
quote

धर्म-युद्ध से बढ़कर अन्य कल्याणकारक कर्त्तव्य क्षत्रिय के लिए नहीं है।

वेदव्यास
quote

क्षत्रिय युद्ध में मारा जाए तो वह शोक के योग्य नहीं है, यह निश्चित बात है।

वाल्मीकि
quote

युद्ध में विषयों से प्राप्त होने वाले सुख में, या धन-अर्जन में साथी सुलभ होते हैं, किंतु आपत्ति में पड़ने पर या धर्म का आश्रय लेने में पुरुष के साथी दुर्लभ हैं।

अश्वघोष
quote

जीवन कुरुक्षेत्र है, वही इसलिए युद्धक्षेत्र और धर्मक्षेत्र भी है। यही जीवन की विचित्रता और जटिलता है कि युद्ध को और धर्म को उसमें साथ-साथ साधना पड़ता है। इस साधन में जीवन का रूप आप ही आप धर्मयुद्ध का हो जाता है।

जैनेंद्र कुमार
quote

मरणधर्मा मनुष्य को घरों में भी अवश्य मरना पड़ेगा। अतः क्षत्रिय धर्म के अनुसार युद्ध करते हुए ही जो मृत्यु होती है, वही क्षत्रिय के लिए सनातन मृत्यु है।

वेदव्यास
quote

ग़लत युद्ध, ग़लत स्थान पर, ग़लत समय पर और ग़लत शत्रु के साथ।

उमर नेल्सन ब्रैडली
quote

क्षत्रिय धर्म के अनुसार युद्ध करने वाले वीर पुरुषों के लिए संग्राम में होने वाली मृत्यु ही सुखद है।

वेदव्यास
quote

संग्राम में मारे जाने मर स्वर्ग प्राप्त होता है और जीतने पर यश मिलता है। लोक में दोनों ही माननीय हैं। अतः युद्ध करने में निष्फलता नहीं है।

भास
quote

यह रणभूमि वैर का आवास है, वीरता की कसौटी है, मान और प्रतिष्ठा का घर है, युद्धों में अप्सराओं की स्वयंवर सभा है, नरों की वीरता की प्रतिष्ठा है, राजाओं की अंतकाल में सोने योग्य वीरशय्या है, प्राणों का अग्निहोत्र नामक यज्ञ है, राजाओं के स्वर्गलोक जाने के लिए सेतु है—ऐसे 'रण' नामक आश्रम में हम आए हुए हैं।

भास
quote

युद्ध इसी मेज़ पर शुरू हुए हैं और समाप्त भी यह आतंक की परछाईं से छिपने की सटीक जगह है। एक भयावह जीत का जश्न मनाने की जगह भी।

जॉय हार्जो
quote

लूट के लोभ से हत्या-व्यवसायियों को एकत्र करके उन्हें वीर सेना कहना, रणकला का उपहास करना है।

जयशंकर प्रसाद
quote

युद्ध अहंकार की संतान है और अहंकार धन-संपत्ति की पुत्री है।

जोनाथन स्विफ़्ट
quote

एच. जी. वेल्स के अनुसार इतिहास भर में अशोक ही एक ऐसा सैनिक राजा हुआ है, जिसने विजय के बाद युद्ध करना त्याग दिया हो।

जवाहरलाल नेहरू
quote

महाभारत का युद्ध भारतीय इतिहास की एक अति दारुण घटना है।

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

शायद यह संसार रसोई की मेज़ पर ही समाप्त होगा, जबकि हम हँसते और रोते होंगे, और निश्चिन्तता से अपना अंतिम मीठा निवाला खाते होंगें।

जॉय हार्जो
quote

यदि कृष्ण होते तो स्पर्धा की स्पृहा का कमनीय स्वरुप प्रकट ही नहीं होता।

दुर्गा भागवत
quote

योद्धा का आवेश हमेशा चढ़ा हुआ होता है, लेकिन उसका मन भोला होता है। श्रद्धालु होता है।

दुर्गा भागवत
quote

जनरल युद्ध स्थल पर दुश्मनों के मृतकों की संख्या गिनता है जबकि कवि इस बात का हिसाब लगाता है कि युद्ध में कितने जीवित लोग मारे गए।

महमूद दरवेश
quote

यहूदी-संहार और भारत-पाक विभाजन के सैकड़ों संस्मरण बताते हैं कि भयानक अनुभवों के बाद भी, माता-पिता बच्चों के सामने ज़िंदगी की सामान्यता का अभिनय करते हैं।

कृष्ण कुमार
quote

युद्ध-काल में क़ानून मौन रहते हैं।

सिसेरो
quote

सेना किसी राष्ट्र के आंतरिक शौर्य का कुल जमा हासिल होती है, उस शौर्य से अपने राष्ट्र को ‘सबक़’ नहीं सिखाया जाता।

रघुवीर सहाय

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए