Font by Mehr Nastaliq Web

अहिंसा पर उद्धरण

अहिंसा का सामान्य अर्थ

है 'हिंसा न करना'। इसका व्यापक अर्थ है - किसी भी प्राणी को तन, मन, कर्म, वचन और वाणी से कोई नुकसान न पहुँचाना। मन में किसी का अहित न सोचना, किसी को कटुवाणी आदि के द्वार भी नुकसान न देना तथा कर्म से भी किसी भी अवस्था में, किसी भी प्राणी कि हिंसा न करना, यह अहिंसा है। जैन धर्म में अहिंसा का बहुत महत्त्व है। जैन धर्म के मूलमंत्र में ही अहिंसा परमो धर्म: (अहिंसा परम (सबसे बड़ा) धर्म कहा गया है। आधुनिक काल में महात्मा गांधी ने भारत की आजादी के लिये जो आन्दोलन चलाया वह काफी सीमा तक अहिंसात्मक था।

quote

बिना आत्मशुद्धि के प्राणिमात्र के साथ एकता का अनुभव नहीं किया जा सकता है और आत्मशुद्धि के अभाव से अहिंसा धर्म का पालन करना भी हर तरह नामुमकिन है।

महात्मा गांधी
quote

मुझे दुनिया को कोई नई चीज़ नहीं सिखानी है। सत्य और अहिंसा अनादि काल से चले आए हैं।

महात्मा गांधी
quote

सत्य का मार्ग जितना सीधा है, उतना तंग भी है। यही बात अहिंसा की भी है।

महात्मा गांधी
  • संबंधित विषय : सच
quote

सत्य और अहिंसा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा कोई हल्दी-मिर्च तो है नहीं जो बाज़ार से मोल जाएगी।

महात्मा गांधी
quote

शक्ति का प्रयोग अत्यंत आवश्यक होने पर ही उचित है, और आम जनता के तमाम आंदोलनों के लिए अहिंसा की नीति अपरिहार्य है।

भगत सिंह
quote

धर्म कुछ संकुचित संप्रदाय नहीं है, केवल बाह्याचार नहीं है। विशाल, व्यापक धर्म है ईश्वरत्व के विषय में हमारी अचल श्रद्धा, पुनर्जन्म में अविरल श्रद्धा, सत्य और अहिंसा में हमारी संपूर्ण श्रद्धा।

महात्मा गांधी
quote

सत्य-अहिंसा सर्वव्यापक सिद्धांत या तत्त्व है।

महात्मा गांधी
  • संबंधित विषय : सच
quote

साधन हमारे बस की बात है, इसलिए अहिंसा परम धर्म हुई और सत्य परमेश्वर हुआ।

महात्मा गांधी
quote

मैं लड़ाई का पक्षपाती हूँ और टालस्टॉय और महात्मा गाँधी—पूर्ण अहिंसा को जिस अर्थ में धार्मिक सिद्धांत मानते हैं—उस अर्थ में मैं इस पर विश्वास नहीं करता। परंतु मैं सशस्त्र क्रांति करने पर; किसी को शारीरिक हानि पहुँचाने की हिंसा को भी, अपनी वर्त्तमान अवस्था में ठीक नहीं समझता।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

आनृशंस्य परम धर्म है।

मुकुंद लाठ
quote

दो राष्ट्रों के बीच युद्ध छिड़ने पर अहिंसा में विश्वास रखने वाले व्यक्ति का धर्म है कि वह उस युद्ध को रोकें।

महात्मा गांधी
quote

स्त्री अहिंसा की मूर्ति है। अहिंसा का अर्थ है अनंत प्रेम और उसका अर्थ है कष्ट सहने की अनंत शक्ति।

महात्मा गांधी
quote

सत्य और अहिंसा, सिक्के की दो पीठों की भाँति, एक ही सनातन वस्तु की दो पीठों के समान हैं।

महात्मा गांधी
quote

साहित्य में हृदय-प्रवेश करने की जो अप्रत्यक्ष शक्ति है, वह है मधुरता में, मार्दव में, अहिंसा में, नम्रता में और प्रत्यक्ष शक्ति है, सत्य में। सत्य और अहिंसा के बिना वाणी समर्थ साबित नहीं होगी।

विनोबा भावे
quote

अहिंसा केवल बुद्धि का विषय नहीं है, यह श्रद्धा और भक्ति का विषय है। यदि आपका विश्वास अपनी आत्मा पर नहीं है, ईश्वर और प्रार्थना पर नहीं है, अहिंसा आपके काम आने वाली चीज़ नहीं है।

महात्मा गांधी
quote

धर्म सर्वश्रेष्ठ मंगल है। धर्म का अर्थ है—अहिंसा, संयम और तप। जिसका मन सदा धर्म में लगा रहता है, देवता भी उसे नमस्कार करते हैं।

महावीर
quote

सत्य-अहिंसादि साधनों द्वारा ही अधर्म का विरोध किया जा सकता है—यह सामान्य नियम सर्वत्र लागू होता है।

महात्मा गांधी
quote

किसी भी प्राणी की हिंसा करे, अदत्त (बिना दी हुई) वस्तु ले, विश्वासघात करने वाले वचन बोले—यह आत्म-निग्रही पुरुषों का धर्म है।

महावीर
quote

अहिंसा परम श्रेष्ठ मानव-धर्म है, पशुबल से वह अन्नत गुना महान् और उच्च है।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा केवल एक निवृत्ति-रूप कर्म या निष्क्रिया नहीं है, बल्कि बलवान प्रवृत्ति या प्रक्रिया है।

महात्मा गांधी
quote

हे राजेंद्र! अहिंसा, सत्य, अक्रोध, कोमलता, इंद्रियसंयम, तथा सरलता —ये धर्म के निश्चित लक्षण है।

वेदव्यास
quote

सब जीव जीना चाहते हैं, कोई भी मरना नहीं चाहता। इसीलिए निर्ग्रंथ प्राणि-वध का सर्वथा परित्याग करते तथा कराते हैं।

महावीर
quote

अहिंसा को ठीक रूप में अपनाने में हमारी ही नहीं, संसार की भलाई है।

महात्मा गांधी
quote

साधारणतः लोग सत्य अर्थात् 'सत्यवादिता—इतना ही स्थूल अर्थ लेते हैं, परंतु सत्य-वाणी में सत्य के पालन का पूरा समावेश नहीं होता। ऐसे ही साधारणतः लोग दूसरे जीव को मारना, इतना ही अहिंसा का स्थूल अर्थ करते हैं, परंतु केवल प्राण लेने मात्र से ही अहिंसा की साधना पूरी नहीं होती।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा सत्य का प्राण है। उसके बिना मनुष्य पशु है।

महात्मा गांधी
quote

जो बात शुद्ध अर्थशास्त्र के विरुद्ध हो, वह अहिंसा नहीं हो सकती। जिसमें परमार्थ है वही अर्थशास्त्र शुद्ध है। अहिंसा का व्यापार घाटे का व्यापार नहीं होता।

महात्मा गांधी
quote

मनुष्य समाज का कल्याण युद्ध से नहीं, शांति से है। मनुष्य की विजय रूप से है, ज्ञान से, शौर्य से—वह उसके सत्य से है।

रांगेय राघव
quote

आत्मशुद्धि के बिना अहिंसा धर्म का पालन थोथा स्वप्न ही रहेगा।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा श्रद्धा और अनुभव की वस्तु है, एक सीमा से आगे तर्क की चीज़ वह नहीं है।

महात्मा गांधी
quote

यदि गांधीवाद ग़लत बात के लिए है तो इसे नष्ट हो जाने दो। सत्य और अहिंसा तो कभी नष्ट नहीं होगे। परंतु यदि गांधीवाद मतांधता का दूसरा नाम है, तो यह नष्ट कर देने योग्य ही है।

महात्मा गांधी
quote

कोई धर्म यह नहीं सिखाता कि बच्चों को असत्य और हिंसा की शिक्षा दो। सच्ची शिक्षा हर एक को सुलभ होनी चाहिए।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा में तीव्र कार्यसाधक शक्ति भरी हुई है। इसमें जो अमोघ शक्ति है, उसका अभी पूर्ण संशोधन नहीं हुआ है। 'अहिंसा के समीप सारे वैरभाव शांत हो जाते हैं'—यह सूत्र शास्त्रों का प्रलाप नहीं है, बल्कि ऋषि का अनुभव वाक्य है।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा केवल बुद्धि का विषय नहीं है, यह श्रद्धा और भक्ति का विषय है। यदि आपका विश्वास अपनी आत्मा पर नहीं है, ईश्वर और प्रार्थना पर नहीं है, तो अहिंसा आपके काम आने वाली चीज़ नहीं है।

महात्मा गांधी
quote

मैं अब भी दावे के साथ कहता हूँ कि सत्य और अहिंसा ऐसी चीज़ है कि बच्चे को भी सीखना चाहिए।

महात्मा गांधी
quote

जब तक अहिंसा हाथ में नहीं आती, तब तक सत्य मिल ही नहीं सकता।

महात्मा गांधी
  • संबंधित विषय : सच
quote

विहित यज्ञ, दान, तप, सत्य, शौच, अंहिसा, दया, शम, दम, अक्रोध, अलोभादि वचन, मन और शरीर से किए गए धर्म होते हैं, और इनसे विपरीत हिंसा, चौर्य, असत्यभाषण, दम्भादि अधर्म होते हैं।

श्री पीताम्बर पंडित
quote

अहिंसा केवल आचरण का स्थूल नियम नहीं है, बल्कि यह मन की वृत्ति है। जिस वृत्ति में कहीं भी द्वेष की गंध तक नहीं रहती उसका नाम अहिंसा है।

महात्मा गांधी
quote

अहिंसा, सत्य बोलना, क्रूरता त्याग देना, मन और इंद्रियों को संयम में रखना तथा सबके प्रति दयाभाव बनाए रखना इन्हीं को धीर पुरुषों ने तप माना है, शरीर को सुखाना तप नहीं है।

वेदव्यास
quote

जो मनुष्य अपने मन के विकारों के सिवाय अन्य आपत्तियों का भय रखता है, वह अहिंसा का पालन नहीं कर सकता।

महात्मा गांधी
quote

एक सभ्य समाज में मूल अधिकारों पर अमल करने के लिए, बंदूकों से रक्षा की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

महात्मा गांधी
quote

प्रेम के बदले में यदि हम अहिंसा शब्द का प्रयोग करें तो वही बात है।

महात्मा गांधी
quote

असत्य, हिंसा पर जीत केवल सत्य और अहिंसा से ही हो सकती है। अधीरज को धीरज से ही मारा जा सकता है और गर्मी को सर्दी से।

महात्मा गांधी
quote

त्याग, अप्रतिरोध, अहिंसा के आदर्शों को, सांसारिकता, प्रतिरोध और हिंसा की प्रवृत्तियों को निरंतर कम करते रहने से प्राप्त किया जा सकता है।

स्वामी विवेकानन्द
quote

अहिंसा की तह में ही अद्वैत-भावना निहित है।

महात्मा गांधी
quote

सच्चा तरीक़ा दोस्ती का तो यह है कि हम हमेशा इंसाफ़ पर रहें और शरीफ़ बने रहें।

महात्मा गांधी
  • संबंधित विषय : सच
quote

नापाक साधन से ईश्वर नहीं पाया जा सकता और बुरी चीज़ को पाने का साधन साफ़ नहीं हो सकता।

महात्मा गांधी
quote

धर्म-कर्म के द्वारा मनुष्य के प्रति श्रद्धा खो देने की जो आशंका है, उसी से हमें डरना चाहिए।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

मेरी अहिंसा का सिद्धांत एक अत्यधिक सक्रिय शक्ति है। इसमें कायरता तो दूर, दुर्बलता तक के लिए स्थान नहीं है। एक हिंसक व्यक्ति के लिए यह आशा की जा सकती है कि वह किसी दिन अहिंसक बन सकता है, किंतु कायर व्यक्ति के लिए ऐसी आशा कभी नहीं की जा सकती। इसीलिए मैंने इन पृष्ठों में अनेक बार कहा है कि यदि हमें अपनी, अपनी स्त्रियों की और अपने पूजास्थानों की रक्षा सहनशीलता की शक्ति द्वारा अर्थात् अहिंसा द्वारा करना नहीं आता, तो अगर हम मर्द हैं तो, हमें इन सबकी रक्षा लड़ाई द्वारा कर पाने में समर्थ होना चाहिए।

महात्मा गांधी
quote

हमको हमारा धर्म नहीं सिखाता है कि हम किसी से वैर करें।

महात्मा गांधी

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए