Font by Mehr Nastaliq Web

ढोंग पर उद्धरण

quote

जितने दिन तक मनुष्य कर्मकांड और सांप्रदायिक ज्ञान से मुक्त नहीं होता, उतने दिन तक वह सर्वमानव के उपयुक्त नहीं होता।

आचार्य क्षितिमोहन सेन
quote

भारत में जितना व्यवस्थित धंधा ब्राह्मण का है, उतना मारवाड़ी का भी नहीं।

हरिशंकर परसाई
quote

अच्छा भोजन करने के बाद मैं अक्सर मानवतावादी हो जाता हूँ।

हरिशंकर परसाई
quote

महान सभ्यता जब बीच में आकर सड़ती है, तब उसमें अछूत-प्रथा, सती-प्रथा और दहेज-प्रथा की बीमारियाँ पैदा होती हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

धर्म कोई भी हो, भगवान या ख़ुदा का निवास काले धन की तिजोरी में और ग़ैरकानूनी शराब की बोतल में रहता है। भगवान क्षीर सागर में नहीं, ग़ैरकानूनी मदिरा सागर में विश्राम करते हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

एक संगठित धर्माचार्यों और पुरोहितों की परंपरा; जब भगवान के नाम पर अज्ञान और अंधविश्वास का राज चलाए, और राजनैतिक सत्ता इसमें सहयोग दे क्योंकि उसकी भी इससे रक्षा होती है—तब ये दोनों सत्ताएँ क्रूर और मानव-प्रगति-विरोधी होती हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

जिस जाति के धर्मगुरु कविता पर, साहित्य पर बंदिश लगाते हैं, उस जाति पर हम साधुओं को दया आती है। हमें उस जाति के भविष्य के बारे में भी चिंता होती है। कालिदास बच गए। उन्होंने 'कुमार संभव' में तो शिव-पार्वती के रमण का वर्णन किया है, तो शैव उन्हें त्रिशूल से मार डालते, पर तब धर्मगुरु संकीर्ण नहीं थे।

हरिशंकर परसाई
quote

कोरी साधुता का उपदेश पाखंड है, कोरी वीरता का उपदेश उद्दंडता है, कोरे ज्ञान का उपदेश आलस्य है, और कोरी चतुराई का उपदेश धूर्तता है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

कोई-कोई सनकी राजा ऐसे होते थे कि अपने नौकर को कोड़ों से ख़ूब पीटते थे, मगर उनकी चिकित्सा के लिए डॉक्टर तैयार रखते थे। अपनी सरकार भी सनकी ज़मींदार है। शिक्षक को ख़ूब कष्ट होने देगी, मगर कल्याण-निधि ज़रूर खोल देगी।

हरिशंकर परसाई
quote

एक वर्ग ऐसा रहा है, जो आदमी को हमेशा इस्तेमाल करता रहा है। पहले वह फ़िंक्शन के जरिए उसे एक्स्प्लायट करता था। उस के बाद फ़ेथ (विश्वास) के जरिये इस्तेमाल करता रहा, और अब फ़ैक्ट (तथ्य) के नाम पर इस्तेमाल कर रहा है।

धूमिल
quote

गाँधीवाद, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता की जो बात की जाती है, वह ख़ास अर्थ नहीं रखती। मूल है, जो भी हाथ पड़ जाए, सत्ता पा लेना।

हरिशंकर परसाई
quote

हर तरह के चोर कर्म—घूस, कालाबाज़ारी, मुनाफ़ाख़ोरी, राजनैतिक बेईमानी, पाखँड—सबकी साधना धर्म की मदद से होती है

हरिशंकर परसाई
quote

धन की प्रभुता या पूँजीवाद जितना गर्हित है, उतना ही गर्हित रूप धर्म और अधिकार का हो सकता है; फिर उसके विषय में तो कहना ही व्यर्थ है, जिसे धन, धर्म और अधिकार—तीनों प्रकार की प्रभुता प्राप्त हो चुकी हो।

महादेवी वर्मा
quote

जो केवल मुक्ताभास-हिमबिंदुमंडित मरकताभशाद्वलजाल, अत्यंत विशाल गिरिशिखर से गिरते हुए जलप्रपात के गंभीर गर्त से उगी हुई; सीकर नीहारिका के बीच विविध-वर्णस्फुरण की विशालता, भव्यता और विचित्रता में ही अपने हृदय के लिए कुछ पाते हैं, वे तमाशबीन हैं—सच्चे भावुक या सहृदय नहीं।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

पुजारी जानता है; भगवान चाहे कहीं और हों, मगर मंदिर में तो क़तई नहीं है। मुसलमान जानता है कि ख़ुदा कहीं होगा तो मस्जिद के बाहर होगा, यहाँ तो नहीं है। मगर अपना धंधा इसी में सुरक्षित है कि लोगों को विश्वास दिलाएँ कि यज्ञ से उनका कल्याण होगा। मंदिर और मस्जिद में की गई पुकार भगवान एकदम सुनता है—सीधी ‘हॉट लाइन’ है।

हरिशंकर परसाई
quote

धर्म का जन्म अज्ञान और डर से हुआ—आदिम मनुष्य के प्रकृति और जगत के बारे में अज्ञान और डर से। फिर धर्म संस्थागत हुआ, राजसत्ता के साथ मिला, शोषण का जरिया बना।

हरिशंकर परसाई
quote

मज़हबी कर्मकांड तथा रस्मो-रिवाज की रक्षा करने के स्थान पर देश तथा राष्ट्र की रक्षा करना, अपनी तथा मनुष्य जाति की उन्नति के लिए कहीं अधिक आवश्यक है।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

नेताओं और मंत्रियों को नैतिक स्तर की बड़ी चिंता है। यानी जीवन-स्तर चाहे रसलात को चला जाए, नैतिक स्तर हिमालय के शिखर पर चढ़ा रहना चाहिए।

हरिशंकर परसाई
quote

माँ गाय ने कितने दंगे करवाए हैं, असंख्य आदमी मरवाए हैं। अभी भी गाय के दंगे होते जाते हैं। गाय को माँ मानने से साँड पिता हो गया, और गौ-भक्तों में साँडपन और उसी की अक्ल गई।

हरिशंकर परसाई
quote

विचार मंच की स्थापना दो तरह से होती हैं : कोई विचारक हो तो उसके नाम से विचार मंच इसलिए बनता है, ताकि उसके विचारों के आधार पर उसके अनुयायी विचार करेंगे। दूसरे कोई विचारहीन हो; लेकिन दूसरे कारणों से मशहूर हो, तो इसलिए विचार मंच की स्थापना होती है कि उसने तो विचार नहीं किया, मगर बाक़ी लोग विचार करें।

हरिशंकर परसाई
quote

शोभा यात्रा उनकी निकलती है, जो भभूत रमाने-वाले शिव के पत्थर के लिंग पर सोना मढ़ते हैं। शोभा यात्रा उनकी निकलती है, जो दसवीं शताब्दी के बाद दुनिया में क्या हुआ, यह नहीं जानते और आधुनिक समाज को उपदेश देते हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

जिस जाति में बच्चे की बलि को धर्म-साधना माना जाए, विधवा को पति की चिंता में डाल देना नैतिकता माना जाए, जिस धर्म में ऐसी कथा हो कि मोरध्वज और उसकी पत्नी भगवान को ख़ुश करने के लिए बेटे को आरी से चीरते हैं, जिस देश में मनु महाराज विधान देते हैं कि यदि द्विज शूद्र को मार डाले; तो वह उतना ही प्रायश्चित करे, जितना सूअर या कुत्ते को मारने पर—उस जाति की संवेदना, मूल्यचेतना, मानव-गरिमा की भावना, अध्यात्म चेतना को फूल चढ़ाए जाएँ या उस पर थूका जाए।

हरिशंकर परसाई
quote

संप्रदाय-विशेष-पूजित काठ-पत्थरों के प्रतीक और उसकी पूजा या आचार-संस्कार, मनुष्य में मनुष्य को सदा ही विच्छिन्न रखते हैं। इसीलिए अपने अंतर में सत्य-स्वरूप और प्रेम-स्वरूप 'एक' को उपलब्ध करने के सिवा, मिलन का और क्या उपाए हो सकता है?

आचार्य क्षितिमोहन सेन
quote

प्राचीनता की पूजा बुरी नहीं, उसकी दृढ़ नींव पर नवीनता की भित्ति खड़ी करना भी श्रेयस्कर है, परंतु उसकी दुहाई देकर जीवन को संकीर्णतम बनाते जाना और विकास के मार्ग को चारों ओर से रुद्ध कर लेना—किसी जीवित व्यक्ति पर समाधि बना देने से भी अधिक क्रूर और विचारहीन कार्य है।

महादेवी वर्मा
quote

जो यज्ञ करते हैं, वे जानते हैं कि यज्ञ से कोई देवता प्रसन्न नहीं होता। जिन मंत्रों का उच्चारण किया जाता है; वे अगर संस्कृत से हिंदी में कर दिए जाएँ, तो प्राइमरी स्कूल की किताब के लायक हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

संपन्न आदमी किराए पर जप कराके बड़े संतोष का अनुभव करता है, मानो वह अपने भगवान से साफ़ कह देता है—'हे ईश्वर, मुझे तो फ़ुर्सत नहीं है, मुझे दूकान जाना है। इस पंडित को पैसे दे दिए हैं, यही तुम्हारी स्तुति गा देगा।'

हरिशंकर परसाई
quote

ईमानदारी का उपदेश देनेवाला अगर ख़ुद ईमानदारी बरतेगा, तो गड़बड़ होगी। सत्य का उपदेश देनेवाले को मिथ्या बोलना चाहिए। और इस तरह 'चाहिए-चाहिए' की गूँज होती रहती है।

हरिशंकर परसाई
quote

हिंसा और अपराध के तनाव, सनसनी, उत्तेजना के साथ ही देश के मानस को चाहिए—धर्मांधता। धर्मांधता इस देश के आदमी की ज़रूरत बनाई गई है।

हरिशंकर परसाई
quote

कुसंस्कारों, कुप्रथाओं और मिथ्या विश्वासों में आपादमस्तक ढँके हुए; विशाल जनसमूह का उपयोग बिल्कुल उस तरह किया जा रहा है, जिस तरह कारख़ानेवाला ‘कच्चे माल’ का उपयोग करता है।

हरिशंकर परसाई
quote

धर्म व्यक्तिगत साधना की चीज़ ज़रूर है, लेकिन जब वह सामाजिक रूप लेता है और रूढ़ियों और अंधविश्वासों के आधार पर समाज में अत्याचार या विद्वेष फैलाने की कोशिश करता है, ऐसे में उस पर प्रहार करने की ज़रूरत होती है।

नामवर सिंह
quote

तुम पंडित हो सकते हो; किंतु यदि अविश्वासी हो, तब तुम निश्चय ग्रामोफ़ोन के रेकार्ड अथवा भाषावाही बैल की तरह हो।

श्री श्रीठाकुर अनुकूलचन्द्र
quote

सप्रयास धर्म, जीवन का सबसे बड़ा अभिशाप है। वह जीवन की गहराई तक पहुँच सकता है, और उनकी प्रत्येक शिरा में व्याप्त होकर उसे रसमय ही कर सकता है।

महादेवी वर्मा
quote

ईश्वर बहुत मुनाफ़े का धंधा है।

जे. कृष्णमूर्ति
quote

भारत में धर्म सत्ता का स्रोत है, यह बात हमारे इतिहास में भी साफ़ दिखाई पड़ती है; जहाँ आम जन पर पंडे-पुरोहितों का वर्चस्व बहुधा न्यायाधीश से भी ज़्यादा मज़बूत होता है और जहाँ हर चीज़, यहाँ तक कि हड़ताल और चुनावों जैसी चीज़ें भी आसानी से धार्मिक रंग अख़्तियार कर लेती हैं—उन्हें बड़ी आसानी से धार्मिक मोड़ दिया जा सकता है।

भीमराव आंबेडकर
quote

यज्ञ करने और करानेवालों का यही उद्देश्य है कि वही पिछड़ी हुई रुग्ण मानसिकता बनी रहे, जिससे वर्ण और वर्ग-भेद बने रहें। वही मानसिकता बनी रहे कि हरिजन दूल्हा घोड़े पर बैठे, तो ऊँची जाति के लोग भड़ककर कहें—'देखो इस ‘चमरे’ की हिम्मत, हमारे सामने घोड़े पर बैठता है।'

हरिशंकर परसाई
quote

जब समग्र मुक्ति घटित होती है, तब आपके पास देवी-देवता और कर्मकांड नहीं होता—आप एक मुक्त पुरुष होते हैं।

जे. कृष्णमूर्ति
quote

अद्भुत सहनशीलता है इस देश के आदमी में, और बड़ी भयावह तटस्थता। कोई उसे पीटकर पैसे छीन ले, तो वह दान का मंत्र पढ़ने लगता है।

हरिशंकर परसाई
quote

धर्म ने ज्ञान-प्रचार का आदेश दिया, धार्मिक आडंबर ने घोर अज्ञान फैलाया। धर्म ने मनुष्य के सामने धर्म का सर्वश्रेष्ठ आदर्श रखा, धार्मिक आडंबरों ने उसे पग-पग पर पीछे धकेला।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

जो उच्च है; वह उच्चतर से छुटकारा पाना चाहता है, मगर कम उच्च, निम्न और निम्नतम के साथ हाथ नहीं मिलाना चाहता, क्योंकि उसे भय है कि कहीं वे भी उसके स्तर पर आकर उसके समान हो जाएँ।

भीमराव आंबेडकर
quote

तमाम झूठे विश्वासों, मिथ्याचारों, कर्मकांडों, तर्कहीन धारणाओं, पाखंडों को कंठ में अंगुली डाल-डालकर और पानी भरकर उल्टी करानी पड़ती है, तब धर्म की अफ़ीम का नशा उतरता है।

हरिशंकर परसाई
quote

हमारे यहाँ लड़के का बाप दाँत निपोरकर, बेशर्मी का संकोच करते हुए लड़की के बाप से कहता है, 'कौन हम माँगते हैं आपसे, जो देंगे अपनी लड़की को ही तो देंगे। हम भी आधुनिक विचारों के हैं। हम भी प्रगतिशील हैं। मगर धर्म थोड़े ही छोड़ा जाता है, बाप-दादों की रीति है।'

हरिशंकर परसाई
quote

तुम्हारे भीतर यदि सत्य नहीं रहे; तब हज़ार बोलो, हज़ार ढोंग करो, हज़ार कायदा ही दिखाओ, तुम्हारे चरित्र से, तुम्हारे मन से, तुम्हारे वाक्य से उसकी ज्योति किसी भी तरह प्रकाशित नहीं होगी। सूर्य यदि नहीं रहे तो बहुत से चिराग भी अंधकार को बिल्कुल दूर नहीं कर सकते।

श्री श्रीठाकुर अनुकूलचन्द्र
quote

दुनिया-भर के आडंबरों की छाया में अपने उद्देश्यों की ओर बढ़ने की इच्छा रखना, भ्रम में पड़ना है।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

अपनी रूढ़ धारणाओं को मानदंड कहना; और उन मानदंडों को प्राचीनता या परंपरा अथवा शाश्वतता का गौरव देना, वस्तुतः अपनी अक्षमता को सैद्धांतिक रूप देना है।

नामवर सिंह
quote

जिस संगठन में ज़्यादा अध्ययन करना, शंका और प्रश्न करना अनुशासनहीनता है, वह अपने विद्वानों से कहता है कि सांप्रदायिक इतिहास लिखो।

हरिशंकर परसाई
quote

उत्तेजित मस्तिष्क और वृथा आडंबरयुक्त चिंता—दोनों ही असिद्धि के लक्षण हैं।

श्री श्रीठाकुर अनुकूलचन्द्र
quote

किसी का कल्याण करने के लिए पहले उसे दयनीय बनाना चाहिए, अपाहिज बनाना चाहिए। इसके लिए वेतन कम हो, नौकरी अनिश्चित हो और पेंशन का कोई इंतज़ाम हो। ऐसा होने पर आदमी दयनीय हो जाएगा, तब आप उसके लिए सहायता कोष खोलिए।

हरिशंकर परसाई
quote

एक बार ग़लत-सही जो कह दिया, उसी से चिपट जाना—भीषण हो सकता है, हितकर नहीं।

हजारीप्रसाद द्विवेदी
quote

बहुत कम लोग आपको स्नेह या आत्मीयता के कारण बुलाते हैं। अधिकांश इसलिए बुलाते हैं कि वे लोगों को यह बता सकें कि उनके यहाँ आप आए हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

जिस मठ में लगातार यज्ञ होता है, देवी बैठी हैं, सिंह देवी-दर्शन को आता है, वहाँ चोर घुसकर चोरी कर ले जाते हैं। धर्म, अनुष्ठान, मंत्र, यज्ञ का ज़ोर एटमी शक्ति को तो नष्ट कर सकता है, मगर चोरों से हार जाता है।

हरिशंकर परसाई

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए