Font by Mehr Nastaliq Web

सभ्यता पर उद्धरण

quote

पाखंडी लोग कितनी आसानी से इस जगत् को धोखे में डाल देते हैं। सभ्यता के प्राथमिक विकास-काल से लेकर भोली-भाली मानव-जाति पर, जाने कितना छल-कपट किया जा चुका है।

स्वामी विवेकानन्द
quote

सभ्यता इस तरह होनी चाहिए कि आदमी को अपने जीवन का अर्थ खोजने के लिए आज़ादी मिले।

श्याम मनोहर
quote

धर्म स्त्री पर टिका है, सभ्यता स्त्री पर निर्भर है और फ़ैशन की जड़ भी वही है। बात क्यों बढ़ाओ, एक शब्द में कहो—दुनिया स्त्री पर टिकी है।

जैनेंद्र कुमार
quote

भारत की सभ्यता अद्भुत इस माने में रही है कि इतना स्थिर समाज, इतनी सदियों तक चीन के अलावा और कहीं क़ायम नहीं रहा। लेकिन इस सामाजिक स्थिरता के साथ-साथ; जितनी राज्य-गत अराजकता और अस्थिरता भारत में रही है, उतनी पृथ्वी पर और कहीं नहीं रही।

राजेंद्र माथुर
quote

हम जो बातें पढ़ते हैं वे सभ्यता की हिमायत करने वालों की लिखी बातें होती हैं। उनमें बहुत होशियार और भले आदमी हैं। उनके लेखों से हम चौंधिया जाते हैं। यों एक के बाद दूसरा आदमी उसमें फँसता जाता है।

महात्मा गांधी
quote

समग्रता में भाषा, रूपक की सतत प्रक्रिया है। अर्थ-मीमांसा का इतिहास, संस्कृति के इतिहास का एक पहलू है। भाषा एक ही समय में एक जीवित वस्तु, जीवन और सभ्यताओं के जीवाश्मों का संग्रहालय है।

अंतोनियो ग्राम्शी
quote

महान सभ्यता जब बीच में आकर सड़ती है, तब उसमें अछूत-प्रथा, सती-प्रथा और दहेज-प्रथा की बीमारियाँ पैदा होती हैं।

हरिशंकर परसाई
quote

हिंदी की सेवा का अर्थ है, उस मानव-समाज की सेवा, जिसके विचारों के आदान-प्रदान का माध्यम हिंदी है। मनुष्य ही बड़ी चीज़ है, भाषा उसी की सेवा के लिए है। साहित्य-सृष्टि का भी यही अर्थ है।

हजारीप्रसाद द्विवेदी
quote

जिस सभ्यता में सीधा-सादा आम आदमी भी खोज करने की क्षमता रखता है, वह सभ्यता महान है।

श्याम मनोहर
quote

सभ्य संसार के प्रत्येक स्थान में, किसी-न-किसी समय और किसी-न-किसी रूप में स्वतंत्रता की व्यापकता का बोल-बाला अवश्य हुआ।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

सभ्यता के हर बड़े केंद्र में सौंदर्य का राष्ट्रीय आदर्श, अद्भुत दिशाओं में पल्लवित होता रहता है और वैदेशिक आदर्शों तथा फ़ैशनों को, देशी आदर्शों तथा फ़ैशनों के मुक़ाबले में तरजीह दी जाती है।

हेवलॉक एलिस
quote

समाज की सभ्यता का अर्थ है—जीवन के व्यवहारों को सरल, सुलभ बनाने वाली भाषा।

श्याम मनोहर
quote

जिस क्रम से मनुष्य सभ्यता के मार्ग पर अग्रसर होता गया, उसी क्रम से समाज के नियम अधिकाधिक परिष्कृत होते गए और पूर्ण विकसित तथा व्यवस्थित समाज में वे केवल व्यावहारिक सुविधा के साधनमात्र रह कर, सदस्यों के नैतिक तथा धार्मिक विकास के साधन भी हो गए।

महादेवी वर्मा
quote

आधुनिक सभ्यता और शिक्षा ने मानवीय विकास में जो भूमिका निभाई है; वह तब तक अधूरी और अपूर्ण ही रहेगी, जब तक कि ताक़त के क़ानून वाली पुरानी सभ्यता के गढ़ पर हमला नहीं किया जाता। और वह गढ़—गृहस्थ और दांपत्य-जीवन है।

जॉन स्टुअर्ट मिल
quote

जो भी ज्ञान है; उससे चुनकर मनुष्य जीने के लिए जिस व्यवस्था का निर्माण करता है, उसी को सभ्यता कहते हैं।

श्याम मनोहर
quote

सभ्यता की मूलभूत मान्यताओं को रद्द करो, ख़ासकर सामान इकट्ठा करते रहने के महत्त्व को।

चक पैलनिक
quote

लोकजीवन की धारा जब एक बँधे मार्ग पर कुछ काल तक अबाध गति से चलने पाती है, तभी सभ्यता के किसी रूप का पूर्ण विकास और उसके भीतर सुख-शांति की प्रतिष्ठा होती है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

मनुष्य-जाति का बर्बरता की स्थिति से निकल कर, मानवीय गुणों तथा कला-कौशल की वृद्धि करते हुए, सभ्य और सुसंस्कृत होते जाना ही उसका विकास है।

महादेवी वर्मा
quote

समकालीन भारतीय यथार्थ, जिसे मैं सभ्यता (सिविलिजेशन) कहता हूँ—से शुरू होकर साहित्य का संस्कृति तक पहुँचना—कथा-साहित्य को पर्याप्तता प्रदान करता है।

श्याम मनोहर
quote

मनुष्य के लिए कविता इतनी प्रयोजनीय वस्तु है कि संसार की सभ्य-असभ्य सभी जातियों में, किसी-न-किसी रूप में पाई जाती है। चाहे इतिहास हो, विज्ञान हो, दर्शन हो, पर कविता का प्रचार अवश्य रहेगा।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

साहित्य की अखंड दीर्घ परंपरा सभ्यता का लक्षण है। यह परंपरा शब्द की भी होती है और अर्थ की भी।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

ऐक्य के अभाव से मनुष्य बर्बर हो जाता है; ऐक्य की शिथिलता से मनुष्यत्व व्यर्थ हो जाता है, क्योंकि सहकारिता ही मनुष्य का सत्य धर्म है, उसकी श्रेष्ठता का आधार है।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

मानव-इतिहास के ज़्यादातर हिस्से में, जीवन का अनुमान केवल तीस वर्ष से कुछ ज़्यादा था, लेकिन आज विकसित देशों में, हम अस्सी के दशक के बीच की उम्र तक पहुँचने की उम्मीद कर सकते हैं। तुलनात्मक रूप से ग़रीब देशों में भी आज पैदा होने वाला व्यक्ति; सबसे अमीर देशों के नागरिकों के दादा-दादी की तुलना में, लंबे जीवन की उम्मीद कर सकता है। विज्ञान के लेखक स्टीवेन जॉनसन कहते हैं कि यह कुछ ऐसा है, मानो हम में से प्रत्येक एक अतिरिक्त संपूर्ण जीवन हासिल कर रहा हो।

वेंकी रामकृष्णन
quote

कोई भाषा मनुष्य जाति को उतना ऊँचा उठाने, मनुष्य को यथार्थ में मनुष्य बनाने और संसार को सुसभ्य और सद्भावनाओं से युक्त बनाने में उतनी सफल नहीं हुई, जितनी कि आगे चलकर हिंदी होने वाली है।

गणेश शंकर विद्यार्थी
quote

हर जाति की सभ्यता की आंतरिक प्रार्थना यही होती है कि उसमें श्रेष्ठ महापुरुषों का आविर्भाव हो।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

मानव समाज के आरंभिक काल से ही मनुष्य अपने शब्दों और कर्मों में एक निश्चित क्रम का अनुसरण करने लगा था, जो उन वस्तुओं और प्रभावों से भिन्न था; जिनका वे प्रतिनिधित्व करते थे, क्योंकि प्रत्येक अभिव्यक्ति उसी नियम के अधीन संचालित होती है, जिससे उसका उद्भव होता है।

पी. बी. शेली
quote

समय-समय पर प्रत्येक धर्म में ऐसे सुधारक उत्पन्न हुए हैं; जो सब प्रकार के प्रतीकों और अनुष्ठानों का विरोध करते आए हैं, पर उनके प्रयत्न निष्फल रहे हैं।

स्वामी विवेकानन्द
quote

समाज की ज्ञानोन्मुखता ही सभ्यता है।

श्याम मनोहर
quote

जो समाज सभ्य नहीं होता है; उस समाज में स्वभाव से बलिष्ठ व्यक्ति भी दुर्बल हो जाता है, कारण उस समाज के व्यक्ति अपने आपको यथेष्ठ मात्रा में प्राप्त नहीं कर पाते हैं।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

सभ्यता का कथा-साहित्य कालबाह्य हो सकता है, संस्कृति का कथा-साहित्य कभी कालबाह्य नहीं होता—वह अभिजात होता है।

श्याम मनोहर
quote

सभ्यता का अर्थ है—जीने का तरीक़ा, जीने की व्यवस्था।

श्याम मनोहर
quote

हम यह सोचकर नहीं जीते कि हम जिस शहर में रहते हैं, वह एक दिन मिट जाएगा। फिर भी शहर और पूरा समाज, साम्राज्य और सभ्यता-उपक्रम विकसित होते हैं और ख़त्म हो जाते हैं। ठीक वैसे, जैसे कोशिकाएँ मरती हैं।

वेंकी रामकृष्णन
quote

जहाँ तक अभी मालूम हो सका है, आदर्श अवस्था विरले ही किसी सही दिमाग़ और उचित रूप से स्वाभाविक जीवन-यापन करने वाली जाति में पाई जाती है, चाहे हम इसके लिए आज के असभ्य लोगों को देखें या उन प्राचीन सभ्य जातियों को देखें, जिनमें हमारी अपनी जड़ें स्थित हैं।

हेवलॉक एलिस
quote

जो सभ्यता प्रकृति पर विजय पाने में ही अपना गौरव प्राप्त करती है, वह सुनने, देखने और अनुभूत करने की क्षमता को ही नष्ट कर देती है।

निर्मल वर्मा
quote

प्रत्येक प्राचीन सभ्यता और संस्कृति का पतन, विनाश और अंत, जीवन के गतिशील सिंद्धांतों और आदर्शों में अनास्था के फलस्वरूप होता है।

मैनेजर पांडेय
quote

अति भय असभ्यता का पहला लक्षण है।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
  • संबंधित विषय : डर
quote

प्रत्येक देश और समाज के मुहावरे उसकी सभ्यता, संस्कृति और ऐतिहासिक-भौगोलिक, स्थिति की उपज हैं। पर अँग्रेज़ी की नक़ल में भी हमें इसका भी ध्यान नहीं रहता।

श्रीलाल शुक्ल
quote

समस्या-उठाऊ शिक्षा मनुष्यों को ऐसे प्राणी मानती है, जो संभवन की प्रक्रिया में है। अर्थात् वे अभी अधूरे हैं, अपूर्ण हैं, और ऐसे यथार्थ के अंदर तथा उसके साथ रहते हैं, जो उन्हीं की तरह अधूरा और संभव होता हुआ यथार्थ है।

पॉलो फ़्रेरा
quote

एक सभ्य समाज में मूल अधिकारों पर अमल करने के लिए, बंदूकों से रक्षा की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए।

महात्मा गांधी
quote

कलाओं की जो उपादेयता मनुष्य के व्यक्तिगत जीवन में है, वही समाज के लिए भी है। यदि कवि, गायक तथा दूसरे कलाकार हुए होते, तो सभ्य मानव-समाज की मानसिक वृत्तियाँ इतनी तीव्र और सुसंस्कृत हुई होतीं।

श्यामसुंदर दास
quote

मनुष्य के लिए कविता इतनी प्रयोजनीय वस्तु है कि संसार की सभ्य-असभ्य सभी जातियों में, किसी-न-किसी रूप में, पाई जाती है। चाहे इतिहास हो, विज्ञान हो, दर्शन हो, पर कविता का प्रचार अवश्य रहेगा।

आचार्य रामचंद्र शुक्ल
quote

तुम लोग इज़्ज़तों में और पर्दों में रहकर जाने किन-किन व्यर्थताओं को अपने साथ लपेट लेते हो और उनमें गौरव मानते हो। यह सब तुम लोगों की झूठी सभ्यता है, ढकोसला है। फिर कहते हो, हम सच को पाना चाहते हैं। तुम्हारा सच कपड़ों में है, लिबास में है और सच्चाई से डरने में है।

जैनेंद्र कुमार
quote

भारत में आर्य जाति के लोग पहले अरण्य-निवासी थे, फिर ग्रामवासी हुए और उसके बाद नगरवासी।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

गंगा तो विशेष कर भारत की नदी है, जनता की प्रिय है, जिससे लिपटी हुई हैं भारत की जातीय स्मृतियाँ, उसकी आशाएँ और उसके भय, उसके विजयगान, उसकी विजय और पराजय! गंगा तो भारत की प्राचीन सभ्यता का प्रतीक रही है, निशानी रही है, सदा बलवती, सदा बहती, फिर वही गंगा की गंगा।

जवाहरलाल नेहरू
quote

आक्रांत मनुष्य का सामाजिक 'मैं', प्रत्येक सामाजिक 'मैं' की भाँती, सामाजिक संरचना के सामाजिक-सांस्कृतिक संबंधों में निर्मित होता है और इसीलिए उसमें आक्रांत संस्कृति का द्वैत प्रतिबिंबित होता है।

पॉलो फ़्रेरा
quote

मनुष्य के भीतर जो कुछ वास्तविक है, उसे छिपाने के लिए जब वह सभ्यता और शिष्टाचार का चोला पहनता है, तब उसे संभालने के लिए व्यस्त होकर कभी-कभी अपनी आँखों में ही उसको तुच्छ बनना पड़ता है।

जयशंकर प्रसाद
quote

आज की सभ्यता के पास जो कुछ भी श्रेष्ठ पदार्थ है, सब नगर की सामग्री है।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

मनु का नाम आते ही हमें अपनी सभ्यता के उस धुँधले प्रभात का स्मरण हो जाता है; जिसमें सूर्य की उषाकालीन किरणों के प्रकाश में मानव और देव, दोनों साथ-साथ विचरते हुए दिखाई देते हैं।

वासुदेवशरण अग्रवाल
quote

कहानी का स्थान महज़ साहित्य की दृष्टि से केंद्रीय नहीं है, मनुष्य की सभ्यता में भी केंद्रीय है। सभ्यता की चर्चा करनी हो तो हमें एक कहानी के रूप में करनी होगी।

कृष्ण कुमार
quote

भारतीय समाज-व्यवस्था मूलतः असमतावादी थी और शोषण पर आश्रित थी। वर्ण और जाति का आधार शुचिता की भावना थी; किंतु समाज के स्तरभेद के ऐतिहासिक विकास में, शुद्ध-अशुद्ध के विचार के साथ—आर्थिक और राजनीतिक शक्ति के समीकरण भी जुड़े थे।

श्यामाचरण दुबे

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए