Font by Mehr Nastaliq Web

जिज्ञासा पर उद्धरण

जिज्ञासा-संबंधी वृहत

और विविध प्रसंगों के पाठ रचती कविताओं से एक चयन।

quote

ज्ञात से अज्ञात की ओर जाने से ही ज्ञान की विशेषताएँ टूटती रहेगी; उसकी सरहदें टूटती रहेंगी, लेकिन जिस दिन से आप केवल ज्ञात से ज्ञात की ओर जाएँगे, उस दिन आप केवल अपनी ही कील पर अपने ही आसपास घूमते रहेंगे।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

बिना दूँढ़ने का श्रम किए, प्रिय वस्तु की अनुपमता और अमूल्यता का बोध हो ही नहीं सकता।

कुबेरनाथ राय
quote

हमारे भीतर बुद्धिमानी का ज़्यादातर हिस्सा तीस साल पार करने के बाद आता है। उसके बाद हम अपने तौर-तरीक़ों में ढलते जाते हैं और बुद्धिमान होने के साथ-साथ, प्रतिक्रियावादी होने की संभावना भी बढ़ जाती है।

वेंकी रामकृष्णन
quote

मज़े में ख़ुशहाल होकर जीना है, तो डिस्कवर नहीं हो सकते।

श्याम मनोहर
quote

जीवन का रहस्य ही अंतिम जिज्ञासा है। यही तो मानवीय प्रज्ञा का सुंदर पहलू है।

श्याम मनोहर
quote

आज भी आदमी जो कुछ अपने बारे में जानता है और अपनी दुनिया के बारे में जानता है, उसके बीच सही और जीवंत रिश्तों की खोज—कलाओं की एक सार्थक कोशिश है।

कुँवर नारायण
quote

जिस सभ्यता में सीधा-सादा आम आदमी भी खोज करने की क्षमता रखता है, वह सभ्यता महान है।

श्याम मनोहर
quote

यह केवल विज्ञान और गणित की बात नहीं है कि हमारी रचनात्मक शक्ति अपेक्षाकृत युवा रहते हुए चरम पर होती है। व्यापार और उद्योग में भी यही बात सच है। थॉमस एडिसन ने जब न्यू जर्सी में 'मेन्लो पार्क लैबोरेट्री' की शुरुआत की, तब उनकी उम्र तीस से कम थी। इसके कुछ ही समय बाद, उन्होंने बिजली के बल्ब का आविष्कार किया। आज की दुनिया में नई खोज करने वाली ज़्यादातर कंपनियों, जैसे गूगल, एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट और एआई कंपनी डीपमाइंड की शुरुआत बीस या तीस के दशक में चल रहे लोगों ने की थी।

वेंकी रामकृष्णन
quote

राजनीति वाले संस्कृति का निर्माण नहीं कर सकते। शोधक और अन्वेषक संस्कृति निर्माण करते हैं।

श्याम मनोहर
quote

फिजिशियंस इस बात से हैरान हैं कि कितने ही लोग अपनी ज़िंदगी लंबी करने के लिए हर तरीका अपनाना चाहते हैं, भले ही कुछ हफ़्तों या कुछ दिनों की हो। इनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो भयानक दर्द देने वाली घातक बीमारियों से पीड़ित हैं।

वेंकी रामकृष्णन
quote

काव्य में रहस्य-भावना एक प्रकार से 'परोक्ष की जिज्ञासा' है।

नामवर सिंह
quote

जीवन-शैली इस तरह बनानी चाहिए कि हमें डिस्कवरर होना है। इस बात का एक छोटा-सा धागा ही क्यों हो, अपने तन-मन में होना चाहिए।

श्याम मनोहर
quote

दो तरह का सिनेमा बनता है। या तो आप सिने इतिहास की राहों पर चल दें या अपनी पगडंडियाँ ख़ुद बनाएँ, नए रास्ते ढूँढें, बनाएँ।

ऋत्विक घटक
quote

जब हम जीवन-प्रत्याशा यानी अनुमानित जीवनकाल की बात करते है, तो हमारा मतलब जन्म के समय जीवन-प्रत्याशा से होता है, या कहें कि अगर मौजूदा मृत्यु दर नहीं बदली, तो नवजात औसत रूप से कितने वर्षों तक जीवित रहेगा।

वेंकी रामकृष्णन
quote

कुतूहल, कल्पनाशक्ति और चेतना, मनुष्य को मनुष्य होने के लक्षण हैं। कुतूहल, कल्पनाशक्ति, चेतना के लक्षणों के कारण मनुष्य खोज करता है।

श्याम मनोहर
quote

श्रद्धा जिज्ञासा का वह भाव है, जो खरेपन के साथ सत्य की ओर उन्मुख रहता है; मिथ्या के बहलावे में मोह में नहीं जाता, उसी को सत्य कहना चाहता है जो प्रामाणिक रूप से ‘है’—निःसंदेह ‘है’।

मुकुंद लाठ
quote

मेरा मूलमंत्र है कि जहाँ जो कुछ अच्छा मिले, सीखना चाहिए।

स्वामी विवेकानन्द
quote

कौतूहल होना, उत्सुक होना—जीने की सर्वोत्तम स्थिति है।

श्याम मनोहर
quote

अपने अंतरतम की गहराइयों में इस प्रश्न को गूँजने दो: 'मैं कौन हूँ?' जब प्राणों की पूरी शक्ति से कोई पूछता है, तो उसे अवश्य ही उत्तर उपलब्ध होता है।

ओशो
quote

सबसे अधिक योग्यता मैं उनकी मानता हूँ, जो मार्ग ढूँढ़नेवाले होते हैं। वे नए मार्ग खोजते हैं; बहुत हिम्मत से आगे बढ़ते जाते हैं, अपनी चीज़ नहीं खोते और दुनिया की मार खाते रहते हैं।

विनोबा भावे
quote

हम अपने बारे में इतना कम और इतना अधिक जानते हैं कि प्रेम ही बचता है प्रार्थना की राख में।

नवीन सागर
quote

अपने लक्ष्यों के प्रति हार्दिक स्नेह के बिना, जिज्ञासा, आत्म-संस्कार, आत्म-निरीक्षण तथा आत्म-संघर्ष—सब व्यर्थ है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

ज़्यादातर अध्ययन यह कहते हैं कि हमारी सामान्य संज्ञानात्मक क्षमताएँ भी उम्र के साथ कम हो जाती हैं, लेकिन इस बात पर भी चर्चा होती रही है कि यह सटीक रूप से किस समय होता है? कुछ लोग तर्क देते है कि इसकी शुरुआत अट्ठारह साल की कम उम्र में ही हो जाती है, जबकि कुछ अन्य कहते हैं कि यह केवल साठ साल की उम्र के बाद प्रमुखता से महसूस होता है।

वेंकी रामकृष्णन
quote

"मैं कौन हूँ?" जो स्वयं इन प्रश्न को नहीं पूछता है, ज्ञान के द्वार उसके लिए बंद ही रह जाते हैं।

ओशो
quote

लक्ष्यों के प्रति दुर्दांत स्नेह की आस्तिकता के बिना, वास्तविक अस्मिता का विकास नहीं हो सकता और उन्हीं के संदर्भ से हमेशा यह जाना जाएगा कि कवि किस सतह से बोल रहा है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

बाल्यकाल, नवयौवन और तारुण्य के विभिन्न उषःकालों में; जिज्ञासा हृदय का छोर खींचती हुई, आकर्षण के सुदूर ध्रुव-बिंदुओं में हमें जोड़ देती है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

ज्यों-ज्यों मनुष्य उम्र में बढ़ता है; जिज्ञासा पर केवल आग्रहों और दुराग्रहों के पुंज लदते-चलते हैं, वरन् स्वयं जिज्ञासा भी (शतधा) होती चलती है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

आवश्यकताओं का तक़ाज़ा पुराने शब्दों को शनैः-शनैः नए अर्थ प्रदान कर देता है।

विजयदान देथा
quote

जीवन में एक उम्र ऐसी आती है जब मनुष्य के संबंध में नई प्रत्याशा के लिए कुछ बचता ही नहीं है, तब वह हमारे लिए एक तरह से समाप्त हो जाता है।

रवींद्रनाथ टैगोर
quote

यदि तुम क्रांति का सिद्धांत और विधियों के जिज्ञासु हो तो तुम्हें क्रांति में भाग लेना चाहिए। समस्त प्रामाणिक ज्ञान प्रत्यक्ष अनुभव से उद्भूत होता है।

माओ ज़ेडॉन्ग
quote

वेदांत ‘ब्रह्म-जिज्ञासा’ है तो काव्य ‘पुरूष-जिज्ञासा।’

कुबेरनाथ राय
quote

‘देखने’ की इच्छा, जानने की इच्छा ‘रहस्य’ की उलझी हुई आँतों को सुलझाने की इच्छा—कितनी मनोहर कितनी दुर्निवार और अदम्य हो सकती है—यह उसी से जाना जा सकता है, जो जिज्ञासा का शिकार है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

प्रेम का क्या अर्थ है, यह पता लगाने के लिए आपको अपना पूरा जीवन देना होगा, वैसे ही जैसे यह पता लगाने के लिए कि ध्यान क्या है एवं सत्य क्या है, आपको अपना पूरा जीवन देना पड़ता है।

जे. कृष्णमूर्ति
quote

मनुष्य की सबसे बड़ी जिज्ञासा, जीवन का अर्थ क्या है, सृष्टि का अर्थ क्या है—इन प्रश्नों के बारे में होती है। जीवन का अर्थ क्या है, सृष्टि का अर्थ क्या है जैसे मूलभूत प्रश्नों की खोज करने को मैं संस्कृति कहता हूँ।

श्याम मनोहर
quote

अनुमान यदि जिज्ञासा का अंग नहीं है, तो वह हमारे इच्छित विश्वासों की पूर्ति का एक उपादान बन कर रह जाता है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

यथार्थवाद में, किसी भी यथार्थवाद में जिज्ञासा बहुत रोल अदा करती है।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

चरित्र-दर्शन तो हमें तब तक ठीक-ठीक नहीं हो सकता, जब तक हममें चरित्र-संबंधी मूलभूत जिज्ञासा हो।

गजानन माधव मुक्तिबोध
quote

जानने की कोशिश मत करो। कोशिश करोगे तो पागल हो जाओगे।

राजकमल चौधरी
quote

फूलों को तोड़कर गुलदान में सजाने वाले शायद ही कभी किसी बीज का अंकुरण देख पाते होंगे।

सिद्धेश्वर सिंह
  • संबंधित विषय : फूल
quote

कविता का तात्पर्य है—खोजने की प्रणाली।

श्याम मनोहर
quote

आभास त्याग कर (फल व्याप्ति को नहीं समझ कर), अहं ब्रह्मस्मि—मैं सच्चिदानंद ब्रह्म हूँ—ऐसा अपरोक्ष ज्ञान को ही जिज्ञासु पाता है।

श्री पीताम्बर पंडित
quote

ज्ञान की प्यास के बारे में यह एक पुराना नियम है कि हम सभी को वह सब कुछ मिल जाता है, जो हम चाहते हैं। हममें से कोई भी उस चीज़ के अलावा कुछ नहीं पा सकता, जिस पर हम अपना दिल लगा देते हैं।

स्वामी विवेकानन्द
quote

उस ज्ञान की तलाश करो, जो तुम्हारी गाँठ को खोल देगा। उस मार्ग की तलाश करो, जो तुम्हारे पूरे अस्तित्व की माँग करता है।

रूमी
quote

मधुकर की भाँति निर्लिप्त रहकर देखोगे, सर्वस्थान में मिलेगा प्रभु सारंगपाणि।

गुरु नानक
quote

जड़ों की खोज एक बुनियादी मुद्दा है। इसके पीछे जातीय स्मृतियों का आग्रह हैं और है नए इतिहास-बोध की माँग।

श्यामाचरण दुबे
quote

कलाकार होने का मतलब है—अपनी नज़रों को कभी नहीं फेरना।

अकीरा कुरोसावा
quote

सत्य की हमेशा खोज करनी होती है; उसको नया करना होता है, उसको नई शक्ल देनी होती है और उसे बढ़ाते रहना होता है—ताकि वह विचारधारा की बढ़वार और इंसानी ज़िंदगी की रद्दो-बदल के अनुरूप रह सके।

जवाहरलाल नेहरू
quote

ज़बरदस्ती कोई काम करना और आंतरिक प्रेरणा के साथ करते जाना— इन दोनों के भेद से कलात्मक कर्म में कुछ विशेष ही घट जाता है। एक से तो हमें सच्ची कला मिलती है और दूसरे से मिथ्या कला का आभास-भर मिलता है।

अवनींद्रनाथ ठाकुर
quote

जिज्ञासा वह वृत्ति है, जो आत्म में रहती हुई सत्य तलाशती है।

मुकुंद लाठ
quote

साधु के पास उसे कुछ देने नहीं, वरन् उससे कुछ लेने जाना चाहिए। जिनके पास भीतर कुछ है, वे ही बाहर का सब कुछ छोड़ने में समर्थ होते है।

ओशो

aaj ik aur baras biit gayā us ke baġhair

jis ke hote hue hote the zamāne mere

हिन्दवी उत्सव, 27 जुलाई 2025, सीरी फ़ोर्ट ऑडिटोरियम, नई दिल्ली

रजिस्टर कीजिए